हमीरपुर। लगातार बारिश होने से जिले में भारी नुकसान हुआ है। इससे जिले के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है। प्लाही स्थित हमीरपुर टाउन की पेयजल योजना समेत जल शक्ति विभाग की करीब 17 पेयजल योजनाएं अभी ठप हैं। इससे शहर में वीरवार को भी पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
जिले में मंडल हमीरपुर की आठ, सुजानपुर की तीन और नादौन की छह पेयजल योजनाएं शामिल हैं। बुधवार को भी पेयजल योजनाओं से पानी लिफ्ट नहीं किया जा सका है। इससे करीब 13 हजार से अधिक परिवारों को पानी मिलने पर संकट बना हुआ है। इस कारण 50 हजार के करीब आबादी प्रभावित होने की संभावना है।
हमीरपुर टाउन को रोजाना 90 लाख लीटर पानी की सप्लाई होती है। बीते दिन करीब 109 पेयजल योजनाएं ठप थीं। इस कारण मंगलवार को भी जिला की करीब 60 हजार के करीब लोगों को पानी नहीं मिल सका है। कुछ गांव ऐसे हैं, जहां पर दूसरे से तीसरे दिन पानी की सप्लाई हो रही है। जल शक्ति विभाग के एसई नीरज भोगल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में अन्य वैकल्पिक योजनाओं से पानी की सप्लाई की जा रही है।
लगातार बढ़ रहा नुकसान का आंकड़ा
मानसून सीजन में 20 जून के बाद जिले में बारिश के कारण हो रहे नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस दौरान जिले में सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान का आंकड़ा 170 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस दौरान जिला में जल शक्ति विभाग को सर्वाधिक 88 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग को 78 करोड़, बिजली बोर्ड को 1.58 करोड़ को नुकसान हआ है। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत भेजें, ताकि प्रभावित लोगों की मदद की जा सके। उन्होंने बताया कि ब्यास नदी के साथ-साथ जिले की सभी खड्डों एवं नालों के जल स्तर में भी भारी वृद्धि देखने को मिल रही है। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। भारी बारिश में घर से बाहर निकलने का जोखिम न उठाएं।
-प्लाही सहित हमीरपुर टाउन स्कीम की पेयजल पाइप टूट गई है। इस कारण वीरवार को भी शहर में पानी नहीं आएगा। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील है। उपभोक्ता उचित मात्रा में पानी का प्रयोग करें।
-राजेश, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग हमीरपुर