चोरों ने महज छोटे पात्रों से उठाए पैसे, पहेली बनी घटना, एफआईआर दर्ज नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। पुलिस चौकी टौणी देवी के तहत माता टौणीदेवी मंदिर में चोरों ने मंदिर के ताले तोड़ कर चढ़ावे पर हाथ साफ किया है। मंगलवार रात को यह घटना सामने आई। जब सुबह मंदिर पुजारी व लोगों ने देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। हालांकि, इस घटना में जो मुख्य दानपात्र है वह सुरक्षित है और छोटे पांच दानपात्रों से चोरी हुई है। गर्भगृह के दानपात्र से चोरी नहीं हुई है।
इन दानपात्रों से कितनी धनराशि चोरी हुई है, इसकी अभी रिपोर्ट बनाई जा रही है। यह चोरी की घटना पहेली बनकर रह गई है। चोरों ने मुख्य दानपात्र को हाथ नहीं लगाया है और छोटे दानपात्रों से चोरी की है। पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि, इसमें मामला दर्ज नहीं किया गया है। टौणीदेवी माता कटोच वंश की कुलदेवी हैं। यह मंदिर क्षेत्र के हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यहां पर इससे पहले भी चोरी की वारदातें सामने आ चुकी है लेकिन पुलिस गोर नहीं कर रही है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक पदम चंद ने कहा मामला दर्ज नहीं है।