लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज
करियाना दुकानदार ने शाम 6 बजे तक खुली रखी थी दुकान
कफ्र्यू का उल्लंघन करने पर बड़सर थाना में दूसरा केस दर्ज
कबाड़ स्टोर से पुलिस ने 4 पेटी अवैध शराब बरामद की
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर/सुजानपुर। पुलिस थाना बड़सर के तहत लॉकडाउन एवं कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर एक दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। दुकानदार ने कर्फ्यू और लॉकडाउन का उल्लंघन कर निर्धारित समय अवधि से अधिक तक दुकान खुली रखी थी। पुलिस की टीम ने दबिश देकर दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम को लोहारड़ा निवासी बलदेव सिंह ने अपनी किराना की दुकान खोली हुई थी।
नियमों के अनुसार कर्फ्यू के दौरान सुबह 7 से 10 बजे तक ही ढील दी गई है। नियमों का उल्लंघन कर उक्त दुकानदार ने अपनी दुकान खुली रखी थी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट की धारा 51 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इससे पूर्व भी 23 मार्च को बड़सर थाने के तहत लॉकडाउन की उल्लंघन करने पर एक दुकानदार पर केस दर्ज हुआ था। थाना प्रभारी बड़सर मस्तराम का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है शुक्रवार को दुकान बंद करवा दी गई थी। उधर, पुलिस थाना सुजानपुर के तहत स्थानीय कस्बे के कबाड़ स्टोर से पुलिस ने 4 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इनमें से 3 पेटी देसी शराब की है, जबकि 1 पेटी अंग्रेजी शराब की है। पुलिस ने शराब को जब्त कर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, थाना प्रभारी सुजानपुर सुभाष शास्त्री का कहना है कि शराब बरामद कर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।