हमीरपुर। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की अस्थियों का शनिवार को ब्यास नदी में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया।
विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर में विधायक राजेंद्र राणा, बड़सर में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर सदर में भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र जार, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया और ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पटियाल ने कलश यात्रा का आयोजन किया । नादौन की ब्यास नदी में भी अस्थियों का शनिवार को विसर्जन किया।
भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल की अध्यक्षता में कलश यात्रा और अस्थि विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन किया। लेकिन इस कार्यक्रम में नादौन से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू नजर नहीं आए। सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अनपुस्थिति में शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नादौन के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद की अगुवाई में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अस्थि कलश को हिंदू रीति रिवाज के अनुसार और समस्त विधि विधान से विल्व कालेश्वर में पवित्र ब्यास नदी में प्रवाहित किया गया। बताया जा रहा है कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर थे, जिस कारण वे इस कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाए।
इस बारे में नादौन कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने कहा कि विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार ही यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उधर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र जार ने कहा कि जिला के चार विधानसभा क्षेत्रों में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अस्थि कलश यात्रा और अस्थि विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जबकि नादौन में कलश यात्रा का आयोजन न होने और विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुपस्थित होने की सूचना मिली है। इस बारे में पार्टी हाईकमान को सूचना दे दी गई है।