कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुमन अटवाल को 93 मत से हराया, तीन लोगों ने नोटा दबाया
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर सात के पार्षद के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार नीरजा ठाकुर ने जीत दर्ज की है। नीरजा ठाकुर ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुमन अटवाल को 93 मत से हराया है। भाजपा समर्थित उम्मीदवार नीरजा ठाकुर को 276 मत पड़े जबकि सुमन को 183 मत पड़े हैं। वहीं, अन्य प्रत्याशी श्रवण को मात्र एक मत पड़ा है। तीन लोगों ने नोटा को दबाया है। इस जीत से भाजपा समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाच और गाकर अपनी खुशी का इजहार किया है। रविवार को पार्षद उपचुनाव के लिए मतदान हुआ है। शाम तक नतीजे घोषित कर दिए गए। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड-7 के पार्षद के उपचुनाव में सुजानपुर कांग्रेस को झटका लगा है। उपमंडल एवं निर्वाचन अधिकारी डाॅ. रोहित शर्मा ने बताया कि सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 7 से पार्षद पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान प्रतिशतता 72.68 प्रतिशत रही। प्रात: 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान करवाया गया। उपचुनाव के लिए 637 मतदाता पंजीकृत थे जिसमें 463 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। इनमें 229 पुरुष और 234 महिला मतदाता शामिल रहे।
झूठी गारंटियों पर सुजानपुर की जनता का करारा प्रहार : राणा
सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर सात के पार्षद उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत पर भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि यह वार्ड नंबर सात के मतदाताओं की जीत है। भाजपा की जीत है। कांग्रेस की झूठी गारंटियों पर सुजानपुर की जनता का करारा प्रहार है। सुजानपुर की जनता ने उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जीत दिलाकर यह साबित कर दिया है कि इस सरकार का पतन निश्चित है।