कक्कड़ में आयोजित विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक सुरेश कुमार। स
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की कक्कड़ पंचायत में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सुरेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।
विधायक सुरेश कुमार ने भाजपा के पूर्व विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भोरंज विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के कार्य स्वीकृत करवाने और केंद्र से धन लाने का ढिंढोरा पीट रहे हैं। यदि यह सही है तो धनराशि स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि अधिकांश योजनाएं केंद्र प्रायोजित हैं, इसका मतलब यह नहीं कि पूरी धनराशि केंद्र से आ रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख, पंचायत घर में कमरे के निर्माण के लिए पांच लाख, महिला मंडल फगलोट भवन के लिए अतिरिक्त तीन लाख और तुलसी मार्ग को पक्का करने और सुधार के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने अमृत सरोवर को विकसित करने के लिए जल शक्ति विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में भोरंज एसडीएम शशिपाल शर्मा, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राजेंद्र पठानिया, जयपाल नायक, लोक निर्माण विभाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, रमेश कौशल आदि मौजूद रहे।