भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के लगमन्वी और टिक्कर में मरा हुआ कौवा और तीतर मिलने से ग्रामीण बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत में हैं। सूचना के बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढा खोदकर मृत पक्षियों को दबा दिया। इससे पूर्व बस्सी गांव में दो कौवे, तरक्वाड़ी में एक कौवा व लदेहड़ा में एक चमगादड़ मृत मिल चुका है। लगमन्वी और टिक्कर गांव के लोग खेतों की तरफ अपने गृह कार्य के लिए निकले तो रास्ते में कौवा और तीतर मरा देख सहम गए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुटने लगी।
इसके बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची वन विभाग के वन खंड अधिकारी जगत राम ने ग्रामीणों को हिदायत दी कि कोई भी मरे हुए कौवे व तीतर के पास न जाए। कुछ ही देर में पशुपालन विभाग की टीम भी बाकायदा किट के साथ पहुंच गई। कर्मचारियों ने कौवे व तीतर को गड्ढा खोदकर दबा दिया।
इस मौके पर वनरक्षक नरेश कुमार, शीतल, योग राज, फार्मासिस्ट किशोर शर्मा आदि मौजूद रहे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर संजीव कालिया ने बताया कि मृत कौवे और तीतर को दफना दिया गया है। एक जगह यदि एक से अधिक पक्षी मरे हुए पाए जाएं तो उनके सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं। यह दोनों अलग-अलग मिले हैं। बर्ड फ्लू को लेकर विभाग अलर्ट है।