हमीरपुर। जिला हमीरपुर की सभी तहसीलों में अब बायोमीट्रिक मशीनें लगाने की तैयारी हो गई है। उपायुक्त ने हमीरपुर, बड़सर, भोरंज, सुजानपुर, टौणीदेवी, नादौन, गलोड़ समेत जिले के सभी तहसीलदारों को अपने-अपने तहसील कार्यालय में बायोमीट्रिक मशीनें लगाने के निर्देश दिए हैं। अब राजस्व विभाग के कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी बिना सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित नहीं रह पाएंगे। दूरदराज से राजस्व से संबंधित कामकाज के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए उपायुक्त ने यह निर्णय लिया है। वहीं, रजिस्टरों पर हाजिरी लगाने की प्रक्रिया बिल्कुल बंद होगी।
रोजाना सुबह और शाम दिन में दो बार बायोमीट्रिक मशीन पर हाजिरी लगेगी। जिससे बिना बताए कार्यालय से गायब रहने वाले कर्मचारियों पर शिकंजा कसने वाला है। लोगों को अपनी जमीन, आय, जाति प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेजों के लिए तहसील कार्यालय आना पड़ता है। लेकिन, आए दिन राजस्व विभाग के कार्यालयों में स्टाफ के अनुपस्थित रहने की शिकायतें मिलती हैं। जिससे कई किलोमीटर दूर से सफर तय करने के बाद तहसील कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को स्टाफ के मौके पर मौजूद न होने के चलते कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने बायोमीट्रिक लगाने का निर्णय लिया है।
इसलिए पड़ी बायो मीट्रिक की जरूरत
उपायुक्त हमीरपुर ने मंगलवार को बड़सर के एसडीएम और तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। तहसील कार्यालय में कई कर्मचारी कार्यालय में नहीं मिले। हाजिरी रजिस्टर चेक किया तो उसमें कर्मचारियों की हाजिरी नहीं पाई गई। इस पर उपायुक्त ने तहसीलदार को बिना बताए गायब रहने वाले कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उधर, तहसीलदार ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि उपायुक्त हमीरपुर ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तो रजिस्टर पर कई कर्मचारियों ने अपनी हाजिरी नहीं लगाई थी। चूंकि कार्यालय की अधीक्षक के पास रजिस्टर होता है तथा वह उस दिन छुट्टी पर थीं। जबकि, कुछेक कर्मचारी भी अवकाश पर थे।
औचक निरीक्षण में गायब पाए गए कर्मचारी
जिला हमीरपुर की सभी तहसील कार्यालयों में बायोमीट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। कई बार औचक निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में कर्मचारी गायब पाए गए हैं। पूछने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता। वहीं, तहसील कार्यालय में काम करवाने आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बायो मीट्रिक मशीनें लगने के बाद लोगों की दिक्कतें दूर हो जाएंगी।
हरिकेश मीणा, उपायुक्त हमीरपुर।