एनएच पर पड़े गड्ढे को मिट्टी से भरते युवक।
- फोटो : Hamirpur-HP
रंगस (नादौन)। उपमंडल नादौन से होकर गुजरने वाले मटौर-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग के बीचोंबीच रंगस के समीप बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं। रविवार को भी मंडप कैंची मोड़ के पास ऐसे ही गड्ढे के कारण बाइक सवार बाल-बाल बचा है। बाइक सवार सन्नी कुमार निवासी जोलसप्पड़ ने बताया कि जोलसप्पड़ से मंडप के बीच मोर नाची के पास सड़क के बीच में बड़ा गड्ढा बना हुआ है। इस गड्ढे में टायर पड़ते ही बाइक अनियंत्रित हो गया और वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। सौभाग्य से उस समय आगे या पीछे से कोई भी वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा वह किसी वाहन की चपेट में आ सकता था।
मामूली चोटें आने के बाद सन्नी ने अपनी बाइक को सड़क के किनारे खड़ा कर गड्ढे को मिट्टी और पत्थर डालकर भर दिया। यहां एक लाल कपड़ा भी टांग दिया, ताकि कोई भी अन्य वाहन चालक दोबारा इस गड्ढे में गिरकर घायल न हो। सन्नी कुमार ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग अथॉरिटी से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द सड़क की बिगड़ती हालत को देखते हुए जगह-जगह पड़े गड्ढों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी वाहन चालक को अपनी जान से हाथ न धोना पड़े।
इस बारे में एनएचएआई के साइट इंजीनियर अजय ठाकुर का कहना है कि नादौन से हमीरपुर तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पड़े गड्ढों के लिए टेंडर प्रोसेस में है। जैसे ही फाइनल होता है, मरम्मत के लिए सड़क ठेकेदार के हवाले करके गड्ढों को ठीक करवा दिया जाएगा, ताकि किसी भी वाहन चालक को कोई भी असुविधा न हो।