बिझड़ी पंचायत कमेटी मुख्य बाजार में कचरा शुल्क को लेकर पर्ची काटते हुए। संवाद
बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बिझड़ी ने स्वच्छता की दिशा में पहल करते हुए हर माह एक क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। पंचायत ने पिछले माह बाजार और आसपास के क्षेत्रों से एक क्विंटल प्लास्टिक कचरा जुटाकर धंगोटा स्थित प्लास्टिक निष्पादन संयंत्र में भेजा।
पंचायत ने सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत स्वच्छता कर की वसूली भी शुरू कर दी है। दुकानों और भवनों से कचरा उठाने के लिए 100 से 1000 रुपये तक शुल्क निर्धारित किया गया है।
इससे प्राप्त राशि का उपयोग सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने में किया जाएगा।
दुकानों से एकत्र प्लास्टिक कचरे को धंगोटा संयंत्र में छोटे टुकड़ों में काटकर और संपीड़ित करने के बाद पुनर्चक्रण के लिए भेजा जाता है। पंचायत का उद्देश्य खुले में प्लास्टिक कचरा फेंकने पर रोक लगाना है।
फिलहाल प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जा रहा है, जबकि आगामी दिनों में गीला कचरा एकत्र करने की योजना है। संवाद