शॉटपुट में आईटीआई रैल के विशाल ठाकुर ने प्रथम स्थान पर जमाया कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। आईटीआई रैल में आयोजित 16वीं जिलास्तरीय पुरुष वर्ग खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन कड़े मुकाबले हुए। बैडमिंटन के पहले मैच में आईटीआई रैल ने लंबलू को 2-0, आईटीआई उटपुर ने भोरंज को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई है। इसके बाद वॉलीबाल का फाइनल मैच ज्योत्सना आईटीआई और चमन आईटीआई के बीच हुआ। इसमें ज्योत्सना ने चमन आईटीआई को 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इसी तरह बास्केटबाल के सेमीफाइनल मुकाबले में आईटीआई भोरंज ने रैल को 50-15 के अंतर से हराकर और ज्योत्सना आईटीआई ने सिराज को 36-2 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
वहीं, खो-खो के फाइनल मुकाबले में आईटीआई रैल और सुजानपुर की टीमें भिड़ेंगी। एथलेटिक्स में 1500 मीटर लांग जंप व ट्रिपल जंप में सिराज निजी आईटीआई के शुभम ने प्रथम स्थान हासिल किया और शॉटपुट में आईटीआई रैल के विशाल ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी तरह डिस्क्स थ्रो और जैवलिन थ्रो में चमन आईटीआई के शिवा ने प्रथम स्थान हासिल किया। आईटीआई के प्रधानाचार्य कपिल ठाकुर ने कहा कि ऊंचीकूद में आईटीआई भोरंज के छात्र राहुल ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया है। पुरुष वर्ग की जिलास्तर की चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार के दिन विधिवत रूप से समापन हो जाएगा। आईटीआई रैल में जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में कुल 15 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के 415 खिलाड़ी प्रतिभागियों ने अपने खेल का प्रदर्शन किया।