एचआरटीसी ड्राइविंग स्कूल में बस चलाना सीखने वाली कश्मीर की नैन्सी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। बीकॉम डिग्री धारक 21 वर्षीय नैंसी वोल्वो बस चालक बनने का सपना संजोए है। मां ने बस चलाने के लिए प्रेरित किया तो नैंसी दो माह का बस चालक प्रशिक्षण हासिल करने हमीरपुर एचआरटीसी डिपो में पहुंच गई। अब यह दो माह का प्रशिक्षण इसी सप्ताह पूरा होने जा रहा है। कुछ हटकर करने के जज्बे के चलते हमीरपुर की ग्राम पंचायत कश्मीर की बेटी नैंसी (21) ने बस चलाने का प्रशिक्षण ले रही है।
ड्राइविंग स्कूल में प्रशिक्षण के दौरान उसने बस को चलाने के साथ-साथ इसके कलपुर्जों के बारे में भी ज्ञान पाया है। एचआरटीसी हमीरपुर के प्रशिक्षक अजय कुमार ने इस बेटी को भारी वाहन चलाना सिखाया है। अजय का कहना है कि कुल 17 प्रशिक्षुओं में यह इकलौती लड़की है। आरएम हमीरपुर विवेक लखनपाल ने कहा कि यह जिला के लिए गर्व की बात है। नैैंसी अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी है। नैंसी ने कहा कि शिमला की सीमा ठाकुर हिमाचल की इकलौती बस चालक हैं। उनसे प्रेरित होकर बस चलाने की ठानी। उनका सपना एचआरटीसी में वोल्वो बस चालक बनना है। मां ने प्रेरित किया और इससे भी बड़ा वाहन चलाने के लिए कहा। उसके पिता चंडीगढ़ पुलिस में हैं, जबकि माता गृहणी हैं। एक भाई हर्ष है जो बंगाणा से आईटीआई कर रहा है।
बस सीखने का प्रशिक्षण लेने वाली नैन्सी आरएम हमीरपुर व प्रशिक्षक के साथ।- फोटो : Hamirpur-HP
एचआरटीसी कार्यशाला हमीरपुर में बस चलाने के लिए सीट पर बैठीं नैन्सी।- फोटो : Hamirpur-HP