बड़सर (हमीरपुर)। नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बावजूद नगर पंचायत बड़सर का कामकाज फिलहाल मिनी सचिवालय के एक छोटे से कमरे से चल रहा है। इससे स्टाफ के बैठने और रिकॉर्ड रखने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों में विजय, संतोष, रजनी और कपिल ने कहा कि बणी और भकरेड़ी पंचायतों के भवन नगर पंचायत कार्यालय के लिए उपयुक्त हैं और खाली भी हैं। इसके बावजूद अब तक कार्यालय के लिए भवन आवंटित नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी कार्यालय उपलब्ध करवाने की मांग की है।
नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है। सफाई के लिए अभी तक टेंडर नहीं हुआ है। पहले बाजार में व्यापार मंडल सफाई करवा रहा था, लेकिन अब वह भी जिम्मेदारी छोड़ने की तैयारी में है।
जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था को लेकर भी लोगों में असमंजस है। एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय के लिए उपयुक्त स्थान को लेकर उपायुक्त से पत्राचार किया गया है।
पत्र प्राप्त होते ही नगर पंचायत की परिधि में सबसे उपयुक्त स्थान पर कार्यालय स्थापित कर दिया जाएगा।