बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिवाणी स्कूल विजेता और गुलेला उपविजेता रहा
मटाहणी स्कूल में आयोजित अंडर-17 छात्र माइनर खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटाहणी में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-17 छात्र माइनर खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के छह शिक्षा खंडों से 432 छात्र खिलाड़ियों ने कबड्डी, वॉलीबाल और बैडमिंटन में दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी में बनाल स्कूल की टीम विजेता और हॉली हार्ट डिडवीं की टीम उपविजेता रही।
वहीं, वॉलीबाल में धमरोल स्कूल विजेता और धिरवीं स्कूल उपविजेता रहा। बैडमिंटन में जिवाणी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गुलेला स्कूल की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में कांग्रेस नेता नीरज ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। स्कूल प्रधानाचार्य निशा तोमर ने प्रतियोगिता की तीन दिवसीय गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि छह शिक्षा खंडों के 432 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस अवसर पर एडीईपीओ राजेंद्र शर्मा, डीपीई सुनील, सुनील कुमार सहित अन्य शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।