हमीरपुर। जिले के स्कूलों को 20 दिसंबर तक वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित करने होंगे। 20 दिसंबर के बाद समारोह के आयोजन पर रोक रहेगी। वहीं, आगामी शैक्षणिक सत्र से पहली से 30 नवंबर तक यह समारोह संपन्न करने होंगे। वार्षिक समारोह के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी तरह की रुकावट न आए, इसलिए शिक्षा विभाग की ओर से यह निर्णय लिया गया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर की ओर से इस संदर्भ में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के दौरान अभी स्कूलों में वार्षिक समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। हालांकि, कुछ स्कूलों की ओर से जनवरी में भी वार्षिक पारितोषिक समारोह आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान विद्यालयों में पढ़ाई का पीक समय होता है। स्कूलों में वार्षिक समारोह के आयोजन के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई में विघ्न उत्पन्न होते हैं। इस विषय को ध्यान में रखते हुए अब शिक्षा विभाग की ओर से वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजन को लेकर समय निर्धारित कर दिया है। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह विद्यार्थियों के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभाता है।
-शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 20 दिसंबर तक स्कूलों में वार्षिक पारितोषिक समारोह आयोजित होंगे। आगामी शैक्षणिक सत्र में यह कार्यक्रम पहली से 30 नवंबर तक आयोजित होंगे। जिले के स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। -अशोक कुमार, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा हमीरपुर।