गांधी चौंक हमीरपुर में गेस्ट टीचर भर्ती का विरोध करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्य
हमीरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गेस्ट टीचर भर्ती पर विरोध जताया है। विरोध स्वरूप एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गांधी चौक हमीरपुर में धरना-प्रदर्शन किया। वहीं प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं शिवेश, अभिषेक, अलीशा आदि ने कहा कि परिषद प्रदेश सरकार के शिक्षण संस्थानों में प्रति घंटा आधार पर अतिथि अध्यापकों की नियुक्ति के निर्णय से बिल्कुल असहमत है। प्रदेश सरकार के अनुसार गेस्ट शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे जिन्हें प्रति पीरियड 200 से 550 रुपये तक मानदेय मिलेगा। पहले भी अतिथि शिक्षकों के नाम पर भर्तियां करवाने के निर्णय को प्रदेश के युवाओं के विरोध के चलते सरकार को वापस लेना पड़ा था। वर्तमान सरकार रोजगार के नाम पर युवाओं से धोखा कर रही है। युवाओं को स्थायी तौर पर रोजगार न दे पाना सरकार की नाकामी है। सरकार प्रदेश की शिक्षा को किराये पर देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा विरोधी निर्णयों को लेने से पहले सरकार को प्रदेश के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। प्रदेश सरकार ने जल्द इस फैसले को वापस नहीं लिया तो विद्यार्थी परिषद प्रदेश स्तरीय उग्र आंदोलन करेगी।