हमीरपुर। एचआरटीसी की अवाहदेवी-दिल्ली वाया ऊना बस सेवा की समयसारिणी का पालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रविवार को यह बस निर्धारित समय से आधा घंटा देरी से रवाना हुई।
बस को सुबह साढ़े सात बजे हमीरपुर बस अड्डे से चलना था, लेकिन यह आठ बजे रवाना हुई। बस के इंतजार में पहले से बैठे यात्रियों को अतिरिक्त समय तक बस अड्डे पर रुकना पड़ा।
बस में सफर करने वाले जसवीर, राहुल और नेहा ने बताया कि यह समस्या केवल रविवार की नहीं है। इससे पहले भी बस कई बार निर्धारित समय पर रवाना नहीं हुई है। सप्ताह में एक से दो बार इस तरह की देरी होती है। यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की बस सेवा में समय की पाबंदी बेहद जरूरी है।
बस के देरी से चलने के कारण आगे का सफर और यात्रियों के जरूरी काम प्रभावित होते हैं। उन्होंने एचआरटीसी डिपो हमीरपुर प्रबंधन से बस को निर्धारित समय पर चलाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है।
उधर, एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने कहा कि यात्रियों की ओर से इस संबंध में न तो कोई लिखित शिकायत मिली है और न ही फोन के माध्यम से जानकारी दी गई है। यदि बस के संचालन में इस तरह की समस्या सामने आई है तो इसमें सुधार किया जाएगा।