अवाहदेवी बाईपास की क्षतिग्रस्त सड़क।
- फोटो : Hamirpur-HP
अवाहदेवी (हमीरपुर)। टौणीदेवी तहसील के तहत अवाहदेवी कस्बे में सवा दो साल पहले टूटा बाईपास मार्ग अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है। इससे लोगों को पुरानी सड़क पर ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। वहीं, वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अवाहदेवी कस्बे का बाईपास मार्ग करीब 27 माह पहले भारी बरसात के कारण टूट गया था। तब से यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध पड़ा है। दो दशक पूर्व अवाहदेवी कस्बे में जाम की समस्या से निपटने के लिए इस मार्ग का लाखों रुपये खर्च करके निर्माण करवाया गया था, लेकिन यह मार्ग बेकार साबित हो रहा है। इस मार्ग को कभी पेबर ब्लॉक लगाने के नाम पर बंद करते रहे तो कभी डंगा लगाने के लिए यह मार्ग लंबे समय तक बंद रहा।
जहां पर पेबर ब्लॉक और डंगा लगाया गया था, थोड़े समय के बाद 2020 की बरसात में बह गए। पांच जून 2021 को भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने भूमि पूजन करवाकर 38 लाख रुपये की लागत से डंगे के कार्य के लिए भूमि पूजन भी किया, लेकिन डंगे का कार्य अभी तक आधा ही हुआ था, तभी भूमि मालिक ने न्यायालय से स्टे ले लिया और डंगे का कार्य बंद हो गया। लेकिन, इस समस्या को सुलझाने के लिए न तो जन प्रतिनिधियों और न ही विभाग ने कोई जहमत उठाई है। इसका खामियाजा यात्रियों और वाहन चालकों को उठाना पड़ रहा है। बाईपास बहाल न होने से आए दिन यहां ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग समीरपुर के सहायक अभियंता नितीश भारद्वाज का कहना है कि संबंधित स्थान पर निजी भू-मालिक ने स्टे ले रखा है। स्थानीय पंचायत प्रधान से मामले को सुलझाने में सहायता करने के लिए कहा गया है।