पेंशनर भवन हमीरपुर में हुई हिम-आंचल पेंशनर संघ की बैठक
पेंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं का समाधान करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिम-आंचल पेंशनर संघ हमीरपुर की बैठक सोमवार को जिला प्रधान केसी गौतम की अध्यक्षता में पेंशनर भवन में हुई। इस दौरान जिला महासचिव शंभू राम जसवाल ने बैठक के एजेंडा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
बैठक में संघ के प्रदेशाध्यक्ष योग राज शर्मा, मुख्य संगठन सचिव पुरुषोत्तम दास शर्मा, वरिष्ठ जिला उपप्रधान रंजीत सिंह, प्रदेश उपप्रधान सुभाष शर्मा, टौणी देवी प्रधान जगदीश चंद शर्मा आदि मौजूद रहे। जिला प्रधान ने कहा कि सत्र 2025-27 के लिए सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। उन्होंने पेंशनरों से जीवित प्रमाण पत्र और आयकर रिटर्न 30 सितंबर तक भरने का आग्रह किया।
बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। पेंशनरों ने एक जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों की ग्रेच्युटी, लीब-एनकैशमैंट, कम्युटेशन आदि की बकाया राशि और जुलाई 2023 और जनवरी 2024 की देय महंगाई भत्ता की चार किस्तें, महंगाई भत्ता की जारी दो किस्तों का एरियर शीघ्र जारी करने की मांग की। प्रदेशाध्यक्ष योग राज शर्मा ने कहा कि प्रदेश इकाई का चुनाव अपरिहार्य स्थिति में स्थगित करना पड़ा और पारस्परिक चर्चा के बाद जल्द ही अगली तिथि सुनिश्चित कर ली जाएगी। बैठक में दीप चंद शर्मा, शालीग्राम ठाकुर, बनारसी दास पटियाल, विचित्र सिंह सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।