सैनिक स्कूल सुजानपुर के प्रिंसिपल कैप्टन मनोज कुमार।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के प्रिंसिपल पद पर नई नियुक्ति के आदेश भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने जारी किए हैं। नए आदेशों के तहत नौ सेना के कैप्टन मनोज कुमार माहवार को सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। नए आदेशों के तहत कैप्टन मनोज कुमार ने स्कूल में ज्वाइन कर लिया है जबकि, निवर्तमान प्रधानाचार्य कैप्टन एके पॉल को अभी तक तबादला आदेश नहीं मिले हैं। आगामी आदेशों तक कैप्टन एके पॉल स्कूल में ही रहेंगे।
अमर उजाला से खास बातचीत में नए प्रधानाचार्य कैप्टन मनोज माहवार ने बताया कि वे मूलत: छत्तीसगढ़ के बस्तर के रहने वाले हैं। उन्होंने भारतीय नौ सेना में वर्ष 2003 में बतौर सब लेफ्टिनेंट ज्वाइन किया। इससे पहले नौ सेना हेडक्वार्टर स्थित नौ सेना महासागर विज्ञान और मौसम विज्ञान स्कूल में सेवाएं दे रहे थे। कैप्टन मनोज ने बताया कि सैनिक स्कूल को स्टाफ के सहयोग से ऊंचाई तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करना और स्कूल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।