वैक्सीनेशन कार्यक्रम में योगदान देने वाली हमीरपुर की एनसीसी कैडेट को सम्मानित करते कमांडर।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में शुक्रवार को एनसीसी का 5 दिवसीय सीएटीसी शिविर संपन्न हो गया। इसमें स्थानीय कॉलेज और राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज हमीरपुर के एनसीसी तृतीय वर्ष के 52 कैडेट्स ने भाग लिया। समापन कार्यक्रम में एनसीसी यूनिट हमीरपुर के कमांड अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल आकाश सिंघा ने कहा कि एनसीसी में आकर छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने हमीरपुर महाविद्यालय के छात्रों की ओर से कोविड-19 टीकाकरण अभियान में निभाई गई भूमिका की सराहना की। एनसीसी कैडेट्स से आह्वान किया कि वे समाज को कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करें।
लेफ्टिनेंट कर्नल आकाश सिंघा ने कोविड वैक्सीनेशन में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन का सहयोग करने वाले हमीरपुर कॉलेज के एनसीसी कैडेट सौरभ शर्मा, योगेश कौशल, नीलम, सानिया, ईशा, कविता, आरुषि डोगरा, निकिता, शिवानी, कोमल चंदेल, आदित्य, बॉबी सकलानी, अतुल सिंह परमार, विवेक कुमार, रक्षित, अनिल कुमार, हर्ष, अमित कुमार और नेहा ठाकुर को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। बहुतकनीकी कॉलेज की छात्रा महक को एक भारत श्रेष्ठ भारत के ऑनलाइन शिविर में द्वितीय रहने पर स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इस मौके पर हमीरपुर कॉलेज के एनसीसी अधिकारी प्रो. सौरभ सूद, हिम अकादमी स्कूल के एनसीसी अधिकारी विपिन शर्मा, बहुतकनीकी कॉलेज के एनसीसी अधिकारी मधुसूदन सहित हमीरपुर एनसीसी कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।