मंडल बड़सर के गांव अंबोटा में एक फौजी की मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई। गंभीर हालत में फौजी को बड़सर के निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही फौजी ने दम तोड़ दिया था।
जानकारी के मुताबिक सुरजीत पटियाल (40) पुत्र रतन चंद निवासी निवासी अंबोटा रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ खेतों में काम करने चला गया। घर के साथ लगते खेतों में वह झाड़ियों की सफाई कर रहा था।
इस दौरान मधुमक्खियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे बड़सर के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन फौजी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुरजीत ने दम तोड़ दिया था। सुरजीत करीब एक सप्ताह पहले ही घर में होने वाली श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने आया था। हालांकि कथा का आयोजन अगले सप्ताह था, लेकिन एकाएक सुरजीत की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। सुरजीत अपने पीछे पत्नी और दो बेटियां छोड़ गया है।
उधर, एसएमओ डा. रमेश चौहान ने पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। वहीं पुलिस अधीक्षक अजय बौद्ध का कहना है कि अब तक पुलिस के पास इस बारे कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।