हमीरपुर। ड्रग्स फ्री हिमाचल एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड कर छात्राएं प्रदेश में नशे को खत्म करने में अपना सहयोग दे सकती हैं। ऐप डाउनलोड करने के बाद इसमें नशे के दुष्प्रभाव तुरंत सामने आ जाएंगे। इसके अलावा अगर कोई नशे से संबंधित जानकारी आपके पास है तो उस बारे में संबंधित थाना में एसएचओ, जिला मुख्यालय पर एसपी या अन्य अधिकारियों को ऐप के माध्यम से शिकायत कर सकते हैं। इससे नशा बेचने और करने वालों पर रोक लगेगी। यह शब्द ब्लू स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में अमर उजाला के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सदर संजीव गौतम ने कहे।
उन्होंने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों के पालन, साइबर क्राइम, महिला सशक्तीकरण, पुलिस कार्यप्रणाली, कॅरियर संबंधी टिप्स देकर जागरूक किया। गौतम ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं। इसलिए कोई भी गलत काम न करें। जिससे खुद सहित देश और समाज को नुकसान पहुंचे। न अपराध करें और न अपराध सहें। अपराध को सहने से यह और बढ़ता है। इसलिए कोई भी अपराध होने पर इसकी शिकायत और विरोध करें। अगर छोटा अपराध सहते रहेंगे तो आगे जाकर अपराध बड़ा हो सकता है। उन्होंने यातायात नियमों के बारे में छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं ने एसएचओ से विभिन्न प्रश्न कर अपनी शंकाओं को दूर किया। कार्यक्रम में मंच संचालन अध्यापिका अंजलि महाजन ने किया। उपप्रधानाचार्य प्रो. विकास दीक्षित ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए एसएचओ और अमर उजाला का आभार जताया।
छात्राओं को भविष्य में काम आएगी जानकारी : डा. सुमनलता
ब्लू स्टार स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. सुमनलता ने कहा कि इस कार्यक्रम में छात्राओं को जो भी जानकारी मिली है, वह बहुमूल्य है और यह छात्राओं के भविष्य में काम आएगी। एसएचओ एक मेहनती और ईमानदार ऑफिसर हैं। छात्राओं को स्कूल में भी गुड टच, बैड टच के बारे में बताया जाता है, लेकिन इस कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण पर काफी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। उन्होंने एसएचओ और अमर उजाला का आभार व्यक्त कर अतिथियों को सम्मानित किया।
अगर कोई फेक आईडी बनाकर फोटो अपलोड करे तो क्या करें : सुनिधि
जमा दो कक्षा की छात्रा सुनिधि ने एसएचओ से पूछा कि अगर सोशल मीडिया पर कोई किसी की फेक आईडी बनाकर उसके ही फोटा अपलोड करेे तो इस स्थिति में क्या करना चाहिए। एसएचओ ने कहा कि इसमें पुलिस में शिकायत करें। आईपीसी 66 सी के तहत कार्रवाई होगी। संबंधित यूआरएल को भी कॉपी करें। इससे व्यक्ति तक पहुंचना आसान होता है।
छात्रा अनामिका ने बैंक फ्रॉड कॉल के बारे में किया सवाल
छात्रा अनामिका जसवाल ने एसएचओ से पूछा कि कई बार झूठे कॉल आते हैं कि आपका एटीएम ब्लॉक होने वाला है, इस स्थिति में क्या करें। एसएचओ ने कहा कि पहले तो बैंक के पास आपकी पूरी जानकारी होती है। दूसरा कोई भी बैंक फ्रॉड कॉल से बचें। कई बार लॉटरी निकलने के भी कॉल आते हैं। ऐसे में समझें कि कोई किसी को मुफ्त में कुछ नहीं देता। किसी के भी साथ एटीएम नंबर व सीवीवी साझा न करें।
नकली लाइसेंस बनाते हैं कुछ वाहन चालक : प्रीतिका
छात्रा प्रीतिका ने कहा कि कुछ वाहन चालक नकली लाइसेंस बनाकर वाहन चलाते हैं। ऐसे में कानून में क्या प्रावधान हैं। एसएचओ ने कहा कि ऐसे वाहन चालकों को पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होती है। 15 से 20 साल तक सजा भी हो सकती है। 18 साल से कम उम्र के किशोर वाहन नहीं चला सकते। पकड़े जाने पर 25 हजार जुर्माना, 25 साल तक लाइसेंस न बनना और माता-पिता को एक साल की जेल हो सकती है।
छात्राओं गुनगुन और शैलजा ने कॅरियर संबंधी लिए टिप्स
कार्यक्रम समाप्त होते ही छात्राओं ने एसएचओ के पास पहुंचकर उनसे कॅरियर संबंधी टिप्स लिए। इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि कुछ लोग लड़का-लड़की के साथ चलने पर भी आपत्ति जताते हैं और मारपीट पर उतारू होते हैं। इसके साथ ही उन्होंने पढ़ाई के तरीके के बारे में जानकारी ली। एसएचओ ने छात्राओं की तमाम शंकाओं को दूर किया और उनके सवालों के उत्तर दिए।