मई के पहले सप्ताह से विशेष अभियान, लोकमित्र केंद्रों की ली जाएगी मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में नए दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग मई माह के प्रथम सप्ताह में विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है, जिसमें लोकमित्र केंद्रों की सहायता ली जाएगी।
अभियान के तहत अधिक से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें भविष्य में शैक्षणिक योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। जिन विद्यार्थियों के दस्तावेजों में त्रुटियां पाई जाएंगी, उनके अभिभावकों को स्कूल बुलाकर सुधार करवाया जाएगा।
बीते शैक्षणिक सत्र 2025-26 में आधार नंबर, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण कई विद्यार्थियों की अपार आईडी नहीं बन पाई थी। खासकर प्रवासी बच्चों के दस्तावेजों में अधिक समस्याएं सामने आई थीं, जिससे प्रक्रिया प्रभावित हुई। शिक्षा विभाग ने इस बार समय रहते अभियान चलाने का निर्णय लिया है, ताकि परीक्षाओं से पहले सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार की जा सके और किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
कोट
लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य किया जाएगा, स्कूल प्रमुखों को इस संदर्भ में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके। -डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर