एजेंट के रूप में कार्य कर रही थी शिवानी, आरोपी शिखा को बताती थी मैनेजर
ठगी के लिए शिकार ढूंढने का कार्य करती थी दो महिला आरोपी, कल अदालत में पेशी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सरकार से जुड़ी उद्यम की योजनाओं के नाम पर ऋण मंजूर करवाने के नाम पर ठगी के मामले में विजिलेंस ने एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह महिला कथित संघ के नाम पर खोले गए कार्यालय के लिए एजेंट के रूप में कार्य कर रही थी। विजिलेंस इस महिला से बीते दो दिन से लगातार पूछताछ कर रही थी। आरोपी शिवानी निवासी लदरौर जिला हमीरपुर को सोमवार को कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस दौरान उसे गिरफ्तार किया गया है। महिला को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बीते शनिवार को विजिलेंस हमीरपुर की टीम ने दो प्रतिशत पर ऋण मंजूर करवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया था। आरोपी लोन की इंश्योरेंस के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे। ठगी की शिकायत मिलने के बाद हमीरपुर शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हिमाचल लघु उद्योग कल्याण संघ के नाम से चलाए जा रहे कार्यालय में दबिश के दौरान विजिलेंस हमीरपुर की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम था। कृष्ण चंद इस कार्यालय को संचालित करता था, जबकि सुजानपुर के बनाल निवासी शिखा राणा यहां प्रबंधक के रूप में कार्य कर रही थी। वहीं, सोमवार को गिरफ्तार की गई महिला आरोपी शिवानी एजेंट के रूप में लोगों को सस्ते ऋण का झांसा देकर शिखा राणा से मिलवाती थी। शिवानी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।
घर से बैंक के फर्जी दस्तावेज भी मिले
संघ के फर्जी कार्यालय के संचालक के घर से फर्जी बैंक के दस्तावेज भी विजिलेंस को मिले हैं। दस्तावेजों में बैंक नवी मुंबई जन कल्याण निधि लिमिटेड बैंक का दर्शाया गया है। इस बैंक की हिमाचल में कोई शाखा नहीं है। ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि बैंक के जरिये आखिर कितने लोगों को ठगा गया है।
एएसपी विजिलेंस हमीरपुर रेणु शर्मा का कहना है कि जांच में साक्ष्य मिलने के बाद एक और आरोपी शिवानी को गिरफ्तार किया गया है। महिला को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।