नादौन। कोरोना नियमों की अवहेलना पर रविवार को पुलिस ने नादौन बाजार में चालान काटने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान एक महिला का चालान काटने पर वह गुस्सा हो गई। महिला ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर काफी धौंस दिखाई और यहां तक एहसास करवाया कि वह प्रदेश के एक बड़े मंत्री के क्षेत्र से हैं।
महिला का गुस्सा जब इतने पर भी शांत न हुआ तो वह स्वयं बिना मास्क लगाए लोगों की फोटो खींच कर पुलिस कर्मियों को दिखाने लगी और उनका भी चालान काटने का दबाव बनाया। काफी देर तक नादौन बस अड्डे के निकट यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। तब तक पुलिस ने बिना मास्क अपने पति के साथ आई इस महिला का चालान कोविड नियमों के तहत काट दिया था। रविवार को नादौन पुलिस ने अतिरिक्त थाना प्रभारी चुन्नीलाल की अगुवाई में कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने बिना मास्क घूम रहे लोगों के चालान काट कर करीब पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बस अड्डा पर खरीदारी कर रही इस महिला का भी चालान कर दिया। उसके बाद यह ड्रामा हुआ। एसआई चुन्नीलाल ने कहा कि कोविड नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सख्ती होने पर कई लोग इसका विरोध कर रहे हैं। सरकार के आदेशों का पूरा पालन किया जा रहा है और लोगों को इस संबंध में जागरूक भी किया जा रहा है।