हमीरपुर। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत सनाही के गांव भरयाल में अजगर को गोली मारने वाले व्यक्ति पर किए गए केस को वापस लेने के लिए ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। गांव में 13 सितंबर को एक अजगर भरयाल गांव के एक ग्रामीण रोशन लाल के घर में घुस गया था। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों के कहने पर ही सेना से सेवानिवृत्त एक ग्रामीण वीर सिंह ने उस अजगर को गोली मारी थी। जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वन्य जीव विभाग ने इस पर संज्ञान लेते हुए उक्त व्यक्ति के खिलाफ वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया है।
शनिवार को महिला मंडल भरयाल सहित चार दर्जन ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर इस एफआईआर को वापस लेने की मांग की है। ग्रामीणों इंद्रजीत, सुनील कुमार ने कहा कि विशालकाय अजगर ग्रामीण रोशन लाल की बच्ची पर झपटा था। बच्ची को तो बचा लिया, लेकिन अन्य किसी हादसे के डर से और ग्रामीणों के कहने पर ही गांव के वीर सिंह ने अजगर को गोली मारी। वीर सिंह एक जिम्मेवार व वरिष्ठ नागरिक हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस केस को वापस नहीं लिया जाता है तो वह उपायुक्त कार्यालय के बाहर ही प्रदर्शन करेंगे।