एनएच-तीन पर बारी चौक के पास गिरा बिजली का खंभा। स्रोत : जागरूक पाठक
टौणी देवी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बारी में चौक के पास एनएच-03 निर्माण के दौरान की गई बेतरतीब कटाई के कारण करीब ढाई साल से असुरक्षित खड़ा बिजली का खंभा रविवार को गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
खंभा गिरने से पहले ग्राम पंचायत बारी के प्रधान सरवन चौहान के मकान पर भी खतरा पैदा हो गया था। सरवन चौहान के घर के पास सड़क निर्माण के लिए कटाई की गई थी। कटाई के बाद बिजली का खंभा बिना सुरक्षा डंगे के लंबे समय तक असुरक्षित स्थिति में लटका रहा।
इस दौरान खंभे से बिजली की आपूर्ति भी जारी रही। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेने और प्रभावित स्थान पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
वहीं, तहसीलदार सौरव धीमान ने कहा कि इस बारे सूचना मिली थी। नुकसान का आकलन किया जाएगा और संबंधित विभाग को बताया जाएगा।