अवाहदेवी कस्बे में चोरों ने काटा लोहे का दरवाजा। संवाद
अवाहदेवी (हमीरपुर)। पुलिस थाना सरकाघाट के अंतर्गत अवाहदेवी कस्बे में शनिवार रात शातिरों ने एक ढाबे को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर ढाबे के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को काटकर अंदर घुसे और नकदी सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
ढाबा मालिक राकेश कुमार पुत्र दिवंगत भूप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात अज्ञात लोगों ने ढाबे के पीछे लगे लोहे के दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया। चोर ढाबे से करीब 20 से 25 हजार रुपये मूल्य की बीड़ी-सिगरेट, गल्ले में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी और एक दानपात्र अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।