मेडिकल कॉलेज की जद में आ गया था बन्ह प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल
दीपावली के बाद प्रशासन, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग करेगा अगली प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुक्खू के आदेश मिलते ही जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग व वन विभाग ने मेडिकल कॉलेज की जद में आए राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय बन्ह के लिए जमीन चिह्नित कर ली है। हाल ही में जिला हमीरपुर के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर स्थानीय लोगों की मांग पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं माध्यमिक विद्यालय बन्ह के भवन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह स्कूल मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की जद में आ गया था।
सीएम सुक्खू ने किसी दूसरे स्थान पर स्कूल के निर्माण के लिए जमीन देने के प्रशासन को आदेश दिए थे। इसी को लेकर डीसी हमीरपुर की अध्यक्षता में वन विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जमीन की तलाश की। अस्पताल के दूसरे चरण के लिए चयनित भूमि के साथ ही लगती भूमि को लेकर विभागीय सहमती बनी है। दीपावली के पर्व के बाद सभी औपचारिकताओं को पूरा करके वन विभाग को साढ़े तीन कनाल भूमि का एफआरए केस बनाकर अनुमति के लिए भेजा जाएगा। जबकि, मेडिकल कॉलेज की जद में आए दोनों स्कूलों की कुल भूमि आठ कनाल के करीब थी। इसका अधिग्रहण स्वास्थ्य विभाग ने कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू होते ही वर्ष 2021 में किया था। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि दो दिन पूर्व ही उपायुक्त हमीरपुर की अध्यक्षता में मेडिकल कॉलेज के सभागार में एक बैठक आयोजित हुई थी। उसमें वन विभाग, राजस्व विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व स्थानीय लोगों की उपस्थिति में विस्तार से चर्चा करके मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन अस्पताल के सामने सड़क के दूसरी ओर साढ़े तीन कनाल का रकबा देखा गया है। दीपावली के बाद सभी विभाग संयुक्त रूप से औपचारिकता पूरी करने का कार्य करेंगे।