हमीरपुर। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों की भीड़ लग गई। सुबह से पर्ची बनवाने से लेकर दवा काउंटर तक मरीजों की भीड़ रही।
जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, वैसे-वैसे मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होती गई। पर्ची बनवाने के लिए काउंटर पर महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगाई गईं। सोमवार दोपहर 12:30 बजे तक करीब 930 ओपीडी पर्ची बनाई जा चुकी थी। वहीं पुरानी पर्ची पर भी करीब 350 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
इस दौरान उल्टी, दस्त, बुखार, खांसी सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य परामर्श लिया। उधर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के एमएस देशराज शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण में मरीजों की संख्या में इजाफा और कमी होती है।