अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली होने से परेशान हो रहे मरीज
गर्भवती महिलाओं की लगानी पड़ रही हमीरपुर की दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर अस्पताल में मरीजों के नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। महीने में दो बार रेडियोलॉजिस्ट को डेपुटेशन पर बुलाया जाता है । इस दिन अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मरीजों की कतारें लग जाती हैं। अस्पताल में माह में केवल दो बुधवार को ही डेपुटेशन पर रेडियोलॉजिस्ट को बुलाया जाता है। इस कारण खासकर गर्भवती महिलाओं को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की दौड़ लगानी पड़ती है। इससे उन्हें आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ती है।
सुजानपुर अस्पताल में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है। यहां पर कभी नादौन से तो कभी भोरंज अस्पताल से डेपुटेशन पर रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं ली जाती हैं। इस कारण मरीजों को निजी लैबों में महंगे दामों पर अल्ट्रासाउंड करवाने पड़ रहे हैं। मरीजों ने सुजानपुर अस्पताल प्रशासन से अल्ट्रासाउंड की नियमित रूप से सुविधा देने की मांग की है।
सुजानपुर अस्पताल में पहले और तीसरे बुधवार को अल्ट्रासाउंड होते हैं। डेपुटेशन पर रेडियोलॉजिस्ट को बुलाया जाता है। अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। रिक्त पद के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया है। - डॉ. विवेक वर्मा, एमओ सुजानपुर अस्पताल