चार मंजिला भवन के निर्माण कार्य पर खर्च की जाएगी 3.55 करोड़ की राशि
चुनाव आचार संहिता समाप्त होते ही कॉलेज प्रशासन निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में
पूर्व में बने महिला छात्रावास में सभी छात्राओं को नहीं मिल पाती थी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में आचार संहिता समाप्त होते ही महिला छात्रावास का निर्माण कार्य शुरू होगा। इस पर 3.55 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। चार मंजिला भवन के निर्माण कार्य के लिए महाविद्यालय की ओर से निजी स्तर पर बजट का प्रावधान किया गया है। इससे पूर्व 2018 में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मांग पर पीजी हॉस्टल के लिए 12.48 करोड़ की धनराशि देने की घोषणा की थी।
इस आश्वासन पर ही महाविद्यालय प्रशासन ने पांच मंजिला छात्रावास भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था लेकिन निर्माण कार्य के लिए कॉलेज को सरकार की ओर से महज दो करोड़ ही प्राप्त हुआ था। दो करोड़ रुपये निजी तौर पर डालकर कॉलेज प्रशासन की ओर से चार करोड़ रुपये खर्च करके एक मंजिल का निर्माण कार्य पूरा कर दिया है। इसमें अस्थायी तौर पर स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन करवाया जा रहा है। अब चार मंजिल के निर्माण कार्य के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से रूपरेखा तैयार कर ली गई है। टेंडर आवंटित हो चुका हैं। छात्रावास भवन निर्माण कार्य पूरा होने से सभी छात्राओं को आधुनिक छात्रावास की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में महाविद्यालय में मात्र एक ही महिला छात्रावास है। उसमें भी अनुसूचित व अनुसूचित जनजाति की 100 छात्राओं के लिए रहने की व्यवस्था है। ऐसे में अब अतिरिक्त छात्रावास की सुविधा होने से छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा।
ब्यान:
महाविद्यालय के डीन डॉ. धर्मपाल शर्मा नेे कहा कि महाविद्यालय की वास्तविक स्थिति को समझकर आधे अधूरे निर्माण कार्यों को तीव्र गति प्रदान करके पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। जहां तक अतिरिक्त महिला छात्रावास के निर्माण की बात है तो इसके लिए फिलहाल सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। आचार संहिता के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।