मुख्य सचिव हमीरपुर में बस अड्डा साइट का निरीक्षण करते हुए। स्रोत : डीपीआरओ
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और बस स्टैंड की साइट का भी किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने शनिवार को हमीर भवन में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर लोकसभा आम चुनाव-2024 और विधानसभा उपचुनाव से संबंधित आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला में अभी तक किए गए विभिन्न प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि जिला हमीरपुर में लोकसभा आम चुनाव के साथ ही दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव भी होने हैं। इनके लिए अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी। प्रबोध सक्सेना ने मतदान ड्यूटी के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस और सुरक्षा बलों की उपलब्धता तथा इनकी तैनाती से संबंधित प्लान की समीक्षा भी की।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी 532 मतदान केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय, रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान कर दिया गया है। अगर किसी मतदान केंद्र में कोई कमी रह गई है तो संबंधित एसडीएम और सेक्टर अधिकारी उसका तुरंत निवारण सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव ने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित मानदंडों के अनुसार पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। घर से मतदान की सुविधा, पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटर्स के मतपत्रों के लिए भी नियमानुसार कदम उठाएं।
चुनाव से संबंधित अन्य प्रबंधों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश अमरजीत सिंह ने मुख्य सचिव का स्वागत किया तथा चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। एसपी पदम चंद ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी। बैठक के बाद मुख्य सचिव ने जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल महाविद्यालय के नए कैंपस का दौरा भी किया। उन्होंने मेडिकल कालेज और सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठक करके अकादमिक खंड एवं अस्पताल खंड के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने मुख्य सचिव को निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत करवाया। शिमला रवाना होने से पहले मुख्य सचिव ने हमीरपुर बाईपास के पास बन रहे बस अड्डे की साइट का निरीक्षण भी किया।