टौणी देवी (हमीरपुर)। एकल अभियान के तहत रविवार को टौणी देवी मंदिर परिसर में पांच दिवसीय आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समाजसेवी विजय बहल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों ने बताया कि अभ्यास वर्ग का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। इसका उद्देश्य आचार्यों का मानसिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास करना और उन्हें संस्कार आधारित शिक्षा के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन 10 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें हनुमान चालीसा, गायत्री मंत्र, योगाभ्यास, एकात्मता स्तोत्र, संस्कार आधारित गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास तथा संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित एकल विद्यालयों के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर सुभाष चंद, राजीव चौहान, रेखा कुमारी, सुषमा आदि लोग उपस्थित रहे। संवाद