तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी करते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता। स्रोत
हमीरपुर। तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को जर्सी और खेल सामग्री नहीं देने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप विश्वविद्यालय के गेट पर ताला भी जड़ दिया।
इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। सुबह करीब 8:00 बजे लगाए गए ताले को करीब 11:00 बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला गया। इस दौरान काफी विद्यार्थी कक्षाओं में प्रवेश नहीं कर पाए। कार्यकर्ताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित खेलकूद कार्यक्रम में न तो खिलाड़ियों को जर्सी दी गई और न ही खेल उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं।
यह स्थिति अत्यंत शर्मनाक है और विश्वविद्यालय प्रशासन की पूर्ण उदासीनता को दर्शाती है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर विभाग संयोजक भवानी सिंह ठाकुर ने बताया कि खेल सामग्री उपलब्ध करवाना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी बनती है। विश्वविद्यालय प्रत्येक छात्र से खेल और अन्य गतिविधियों के नाम पर फंड लेता है, तो विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना नाइंसाफी है।
इस दौरान डीन अकादमिक राजेश सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। उनके आश्वासन के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। वहीं, डीन अकादमिक राजेश ने बताया कि खिलाड़ियों को जर्सी सहित अन्य चीजें उपलब्ध करवा दी गई हैं।