ककड़ियाणा में टीन नुमा शेड बनकर हुआ तैयार। संवाद
अब लोगों को बारिश या धूप बैठने और लकड़ी रखने की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
डिड़वीं टिक्कर (हमीरपुर)। डिडवीं टिक्कर पंचायत के ककड़ियाणा गांव के श्मशानघाट में टिननुमा शेड का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस कार्य पर करीब सवा दो लाख रुपये का बजट खर्च किया गया है।
पंचायत की ओर से इस पर करीब एक लाख रुपये की राशि खर्च की गई। बाकी का पैसा ग्रामीणों ने मिलकर खर्च किया। अब शेड में बैठने की सुविधा के साथ लकड़ी भी आसानी से रखी जा सकेगी। अंतिम संस्कार क्रिया में शामिल होने वाले लोगों को बैठने के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं था। खासकर वरिष्ठ जनों को बैठने में दिक्कतें आती थी। कई बार बारिश के कारण लकड़ी भी गीली हो जाती थी।
ग्राम सुधार सभा कमेटी ककड़ियाणा के प्रधान सुरजीत सिंह पटियाल ने बताया कि टिननुमा शेड का निर्माण पूर्ण हो गया है। उन्होंने बताया कि इस पर सवा दो लाख रुपये का खर्च हुए हैं। एक लाख रुपये की राशि पंचायत ने खर्च की और अन्य पैसा ग्रामीणों ने खर्च किया है।