बैलग में टायर से उछले पत्थर के कारण टूटा दुकान का शीशा। स्रोत : जागरूक पाठक
भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत बैलग क्षेत्र में वीरवार को सड़क से गुजर रही एक गाड़ी के टायर से उछला पत्थर पास की दुकान के शीशे से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकान का कांच पूरी तरह टूट गया। दुकानदार ने कहा कि इस घटना में उसे 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
उसने कहा कि सड़क के किनारे लंबे समय से छोटे-बड़े पत्थर बिखरे पड़े हैं, जिन्हें हटाने की ओर संबंधित विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क की नियमित सफाई न होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों और दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई की मांग की है और संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है। लोक निर्माण विभाग भोरंज के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और शीघ्र ही स्थान को पक्का करवा दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।