हमीरपुर। आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में उपचार करवाने आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब अस्पताल में भर्ती मरीजों को विशेष कमरों की सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए अस्पताल परिसर में दो विशेष कमरे तैयार किए जा रहे हैं।
इन कमरों में ठहरने के लिए मरीजों को प्रतिदिन 600 रुपये शुल्क देना होगा। विशेष कमरों को तैयार करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इन कमरों को अस्पताल प्रबंधन के हवाले कर दिया जाएगा।
इसके बाद मरीज निर्धारित शुल्क चुकाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। आयुर्वेदिक अस्पताल में रोजाना करीब 25 से 30 मरीज ओपीडी में उपचार करवाने पहुंचते हैं, जबकि आठ से दस मरीज आईपीडी में भर्ती रहते हैं।
ऐसे में दो विशेष कमरों की सुविधा शुरू होने से भर्ती मरीजों को अधिक आरामदायक माहौल मिल सकेगा। मरीज अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार इन कमरों का चयन कर सकेंगे। खास बात यह है कि मरीज के साथ अटेंडेंट भी कमरे में ठहर सकेंगे।
अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वनीता शर्मा ने बताया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना अस्पताल की प्राथमिकता है। विशेष कमरों की सुविधा भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग से कमरों को जल्द तैयार करने का आग्रह किया गया है।