धर्मशाला के नगर निगम में आयुक्त से मिलते हुए कचहरी अड्डा के रेहड़ीफड़ी वालों को प्रतिनिधि मंडल
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के कचहरी में रेहड़ी-फड़ी विक्रेता एक चिन्हित स्थान की मांग को लेकर मंगलवार को नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल के पास पहुंचे।
रेहड़ी-फडी विक्रेेताओं ने आयुक्त के समक्ष मांग रखते हुए कहा कि वह कचहरी में कई सालों से सड़कों के किनारे दुकानें लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई स्थाई स्थान नहीं मिल पाया है। रेहड़ी-फड़ी विक्रेता सुरजीत, वीरेंद्र, रेखराज, सुभाष चंद, राजीव कुमार ने बताया कि लंबे समय से उनके पास दुकान लगाने के लिए कोई भी चिह्नित स्थान नहीं है। विक्रेताओं का कहना है कि रेहड़ी फड़ी लगाकर ही परिवार का पालन पोषण होता है।
हालांकि नगर निगम के पास इसकी जानकारी भी है। बहुत से ऐसे नए रेहड़ी-फड़ी विक्रेता हनुमान मंदिर के पास बैठना शुरू हो चुके हैं, जो पहले कभी भी हुनमान मंदिर के पास नहीं बैठे थे। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को आने-जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लोगों को समस्याएं न हों, इसके लिए रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं ने धर्मशाला आयुक्त से मांग रखी है कि जल्द ही उन्हें किसी उचित स्थान पर बैठाया जाए।
विक्रेताओं ने यह भी मांग रखी है कि जब तक उन्हें कोई उचित स्थान उपलब्ध नहीं करवाया जाता, तब तक उन्हें वहां से हटाया न जाए। उधर, आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि रेहड़ी-फड़ी वाले मांगों को लेकर मिले थे। इस दौरान उन्हें आश्वस्त किया गया है कि जल्द ही उनके लिए मॉडल वैंडिंग जोन बनाए जाएंगे।