हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर में नए संयुक्त कार्यालय भवन के निर्माण के लिए आवश्यक औपचारिकताएं शुरू की जा रही हैं। भवन निर्माण को लेकर शनिवार को हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि जिला सचिवालय के विभिन्न भवनों की जगह एक नया संयुक्त कार्यालय भवन (मिनी सचिवालय) बनाने का प्रस्ताव है। इस भवन के अलग-अलग ब्लॉकों में आम जनता से जुड़े अधिक से अधिक विभागों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं आसानी से मिल सकें।
वर्तमान में उपायुक्त कार्यालय परिसर और आसपास के भवनों में संचालित विभागों के साथ-साथ शहर के अन्य स्थानों पर किराये या अपने भवनों में चल रहे विभागों को भी इस नए संयुक्त कार्यालय भवन में स्थानांतरित करने की योजना है। इसके लिए सभी विभागों से उनकी आवश्यकताओं के अनुसार डिमांड मांगी गई है।
उपायुक्त ने जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों में कर्मचारियों की संख्या और नए भवन में स्थान की आवश्यकता का पूरा विवरण दो से तीन दिन के भीतर जिला प्रशासन को भेजें।
बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।