हमीरपुर। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में अब पुस्तकालयों में आने वाले पाठकों का डाटा बैंक तैयार होगा। स्कूल स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रमुखों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। स्कूल प्रमुख युवाओं के फोटो सहित संबंधित पंचायत प्रधान से प्रमाणपत्र का रिकॉर्ड अपने पास रखेंगे। रिकॉर्ड को प्रतिमाह ऑनलाइन उपनिदेशक कार्यालय भेजा जाएगा। जहां से जिला पुस्तकालय प्रभारी ऑनलाइन मॉनिटरिंग करेंगे। स्कूल स्तर पर पुस्तकालयों में रिकॉर्ड जमा होने बाद युवाओं को पुस्तकें घर पर ले जाने और पढ़ाई करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। बिना अनुमति के कोई भी पाठक पढ़ाई नहीं कर सकेगा। पुस्तकालयों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए अलग और अन्य बाहरी पाठकों के बैठने के लिए अलग कैबिनों की व्यवस्था की जाएगी जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी और अन्य पाठकों को भी तैयारी करने में दिक्कत नहीं आएगी। शिक्षा निदेशालय की ओर से जिलाभर के पुस्तकालयों को सार्वजनिक किया गया है। पुस्तकालयों में विद्यार्थियों के साथ स्थानीय युवा भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने पहुंच रहे हैं। पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की तरह युवाओं को भी किताबों व कंप्यूटर लैबों की सुविधा प्रदान की जा रही है लेकिन कुछेक स्कूलों से युवाओं की शिकायत आने पर अब शिक्षा विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था के चलते रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रमुखों को युवाओं का रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पुस्तकालयों में विद्यार्थियों व बाहरी पाठकों के लिए अलग-अलग कैबिन तैयार किए जाएंगे जिससे स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर