बड़ा पंचायत में युवाओं को नशे से बचाने के लिए उपप्रधान ने शुरू की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ा (हमीरपुर)। प्रदेशभर में बढ़ते नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पंचायत प्रतिनिधि भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में उपमंडल नादौन की बड़ा पंचायत में नशे से युवाओं को बचाने के लिए उपप्रधान ने पहल शुरू की है। उपप्रधान अशोक सनौरिया (रिंटू) ने पंचायत में नशा तस्करों की सूचना देने वाले लोगों को अपनी जेब से 10 हजार रुपये का नगद इनाम देने का एलान किया है, ताकि युवाओं को बचाने का कार्य किया जा सके।
पंचायत के साथ लगती सीमा पर भी यदि कोई तस्करों के खिलाफ सूचना देता है तो सूचना देने वाले व्यक्ति को मौके पर सम्मानित किया जाएगा। उप प्रधान अशोक सनौरिया (रिंटू) ने कहा कि सूचना देने बाले व्यक्ति का नाम पूर्ण रूप से गुप्त रखा जाएगा। वहीं, सूचना के दौरान मौके पर आरोपी होना चाहिए ताकि उसे पुलिस के हवाले कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से नशा तस्करों के खिलाफ अभियान शुरू कर उन्हें पकड़वाने में सहायता करने का अनुरोध किया है।