नादौन थाना में केस दर्ज, ऑनलाइन भुगतान के साथ शातिर को बस से भेजे पैसे
पैसों की मांग लगातार बढ़ने के बाद थाने पहुंचा कारोबारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगू (हमीरपुर)। थाना नादौन के तहत एक कारोबारी सेक्सटॉर्शन का शिकार हुआ है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के चक्कर में कारोबारी ने आठ लाख रुपये गवाएं हैं। ठगी का यह सिलसिला बीते आठ माह से जारी था। कारोबारी की इंस्टाग्राम पर एक लड़की से दोस्ती हुई। पहले दोनों में बातचीत हुई और बाद वीडियो रिकाॅर्ड कर ठगी का सिलसिला शुरू हुआ। खास बात यह है कि ऑनलाइन ठगी के साथ ही पीड़ित कारोबारी ने ब्लैकमेलिंग से डर कर बस के माध्यम से दिल्ली लाखों रुपये भेजे हैं। जब शातिर की पैसों की मांग लगातार बढ़ने लगी तो कारोबारी रविवार को नादौन थाना में शिकायत लेकर पहुंचा है।
आठ महीने तक इस दोस्ती में पहले तो बातें होती रहीं, लेकिन बाद में शातिर ने कारोबारी का वीडियो रिकाॅर्ड कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। कारोबारी का कहना है कि उत्तर प्रदेश गाजियाबाद निवासी शिल्की नामक युवती और उसके सहयोगियों आकाश शर्मा और मोहित शर्मा ने सुनियोजित तरीके से पीड़ित को अपने जाल में फंसाकर लगभग 8 लाख रुपये की ठगी की है। अप्रैल 2025 से आरोपी युवती ने पहले तो रिश्तेदारी बताकर विश्वास जीता और फिर बिगबुल एक्सचेंज डीमेट अकाउंट में पार्टनरशिप का लालच देकर रकम डलवाई। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को अश्लील वार्तालाप और वीडियो कॉल में उलझाकर उसकी रिकॉर्डिंग तैयार की और उसी आधार पर लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
शुरू में आरोपी ने 35 हजार रुपये की डिमांड की, जिसे उसने ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया, लेकिन इसके बाद दूसरी ओर से पैसों को ऑफलाइन भेजने के लिए कहा तो व्यापारी ने दिल्ली जाने वाली बस में पार्सल के माध्यम से दो बार पैसे भेजे। इसके बाद भी पैसे की मांग लगातार होती रही। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि नादौन थाना में शिकायत मिली है। सेक्सटॉर्शन मामले की जांच जारी है। करीब आठ लाख की ठगी हुई है।