टौणी देवी(हमीरपुर)। फरीदाबाद से संधोल बस को बेहतर ढंग से गंतव्य तक न पहुंचाने पर खनौली पंचायत के उपप्रधान सहित अन्य ग्रामीण भड़क गए हैं। पंचायत उपप्रधान ने चेतावनी दी है कि 20 अक्तूबर तक बस को संधोल तक न चलाया गया तो वह 21 अक्तूबर से खनौली स्कूल के पास भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे तथा इसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। लोगों की मांग को पूरा कराकर ही दम लिया जाएगा।
खनौली पंचायत के उपप्रधान सुभाष राणा सहित अन्य ने बताया कि मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने लगभग छह माह पहले संधोल से फरीदाबाद के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा ककड़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना की थी। लेकिन कुछ दिन बाद ही इसे ककड़ से आगे नहीं चलाया गया। बस सुबह फरीदाबाद से ककड़ नौ बजे पहुंच जाती है तथा शाम पांच बजे तक खड़ी रहती है। लेकिन इसे संधोल ले जाने की हिम्मत निगम नहीं जुटा रहा है। जिससे संधोल, जयसिंहपुर, हारसी, सरीमोलग, भेरड़ा, खनौली, खैरी, जंगल, महेशक्वाल के सैकड़ों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस के चलने से स्कूली छात्र व अन्य कर्मचारी अपने गंतव्य तक तीन घंटे देरी से पहुंच रहे हैं। निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। लेकिन उनके कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। इसी तरह का निगम के अधिकारियों ने रवैया अपनाए रखा, तो वह आंदोलन करने पर बाध्य हो जाएंगे तथा इसकी पूर्ण जिम्मेदारी परिवहन निगम की होगी। उपप्रधान ने बताया कि 20 अक्तूबर तक बस को संधोल तक न चलाया गया तो वह 21 अक्तूबर से राजकीय माध्यमिक पाठशाला खनौली के पास पुराने बट वृक्ष के नीचे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे तथा जब तक बस को बहाल न किया गया, तब तक आंदोलन को जारी रखा जाएगा। निगम के अधिकारी ककड़ से आगे सड़क की हालत को खराब बताकर निरंतर पल्ला झाड़ रहे हैं। लेकिन ऐसा कुछ नहीं है और लोगों को बेवकूफ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, आरएम अवतार सिंह का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण बस को आगे नहीं भेजा जा रहा है। सड़क की हालत बेहतर होते ही व्यवस्था को बहाल कर दिया जाएगा।