हमीरपुर। सूबे के डेढ़ हजार से अधिक शराब ठेकों पर अब ओवरचार्जिंग पर शीघ्र ही नकेल कसी जाएगी। राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग ने शराब ठेकों पर डिजिटल भुगतान की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इस प्रस्ताव को पहले प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। सरकार से अनुमति मिलने के बाद इस व्यवस्था को प्रदेशभर के शराब ठेकों पर लागू किया जाएगा। शराब ठेकों पर ग्राहक डेबिट और क्रेडिट कार्ड से पेमेंट कर सकेंगे। जिसके लिए शराब ठेकों पर कारोबारियों को स्वाइप मशीनें लगानी होंगी। इस व्यवस्था से ओवरचार्जिंग पर अंकुश लगेगा। चूंकि, कार्ड पेमेंट से ग्राहक को स्वाइप मशीन से रसीद मिलती है और साथ ही मोबाइल पर मैसेज भी आता है।
प्रदेशभर के कई शराब ठेकों पर आए दिन ओवरचार्जिंग की शिकायतें मिलती रहती हैं। कई बार शराब ठेके के सेल्समैन बीयर को ठंडा करने का तर्क देकर 30 से 50 रुपये अधिक वसूली करते हैं। जिसके चलते कई बार लड़ाई-झगड़े की संभावना रहती है। लेकिन, डिजिटल पेमेंट से ग्राहक को स्वाइप मशीन से रसीद मिलेगी। इसके साथ ही मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज भी आएगा। जिससे ग्राहक के पास शराब का पक्का प्रमाण रहेगा ताकि, शिकायत का आधार मजबूत हो सके। प्रदेश की उचित मूल्यों की दुकानों को पहले ही डिजिटल किया जा चुका है। जहां पर अंगूठे के निशान के बाद ही राशन मिलता है। प्रदेश सरकार ने एक मार्च को मंत्रिमंडल में नई आबकारी नीति को भी मंजूरी दे दी है। जिसके तहत अगर कोई शराब कारोबारी ग्राहक से ओवरचार्जिंग करता है तो पहली बार उसे 25 हजार रुपये जुर्माना, दूसरी बार पकड़े जाने पर 50 हजार, तीसरी बार पकड़े जाने पर 75 हजार और चौथी बार पकड़े जाने पर लाइसेंस रद्द करने का निर्णय लिया है। उधर, हिमाचल प्रदेश राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग के सचिव जेसी शर्मा ने कहा कि ओवरचार्जिंग पर 25-50 और 75 हजार रुपये जुर्माने के अतिरिक्त लाइसेंस रद्द करने का प्रावधान किया गया है, जो इसी साल लागू होगा। इसके साथ ही शराब ठेकों पर डिजिटल पेमेंट का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा जाएगा।