हमीरपुर। डा. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में सीनियर सिटीजन काउंटर शुरू हो गया है। करीब चार माह से बंद पड़े इस काउंटर को कॉलेज प्रबंधन ने शुरू करवा दिया है। अब सीनियर सिटीजन को पर्ची बनवाने के लिए अन्य लोगों के काउंटर पर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। अमर उजाला ने काउंटर बंद होने की समस्या को 12 दिसंबर वाले अंक में प्रमुखता से छापा था। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने इसे शुरू करवाने की कवायद शुरू कर दी और नववर्ष पर काउंटर को चालू कर दिया है। काउंटर बंद रहने के कारण सीनियर सिटीजन को अस्पताल के मुख्य काउंटर के साथ ही पर्ची बनाने के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा था। इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
सीनियर सिटीजन काउंटर के बंद होने का मुख्य कारण कर्मचारी की कमी थी। अब अस्पताल प्रबंधन ने काउंटर पर कर्मचारी तैनात कर दिया है। अब सीनियर सिटीजन की पर्चियां अलग से उनके काउंटर पर बनेंगी। जिससे उन्हें परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. अनिल वर्मा का कहना है कि सीनियर सिटीजन काउंटर को अस्पताल प्रबंधन ने चालू करवा दिया है। पूर्व में डीटीपी की कमी के कारण यह काउंटर बंद था। अब सीनियर सिटीजन को काउंटर में अलग से पर्चियां बनाने की सुविधा मिलेगी।