सुजानपुर (हमीरपुर)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बुधवार को सुजानपुर के चौरी और उहल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अपने संबोधन में चिंता व्यक्त करते हुए धूमल ने कहा कि नशा रूपी एटम बम गांव-गांव, घर-घर घूम कर नौजवान पीढ़ी और छोटे बच्चों को बरबाद कर रहा है।
धूमल ने चिंतित होते हुए कहा कि कहीं विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर देश की राह में नशे की लत में डूबी नौजवान पीढ़ी बरबादी के रोड़े न अटका दे। उन्होंने सुबह चौरी और दोपहर बाद उहल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में होनहार बच्चों को पुरस्कृत किया। इस दौरान बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। धूमल ने कहा कि आज देश पर खतरा परमाणु हमले का बिल्कुल भी नहीं है। चूंकि हमारा देश स्वयं एक आणविक शक्ति संपन्न देश है। जिसका श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। देश का प्रधानमंत्री बनने के मात्र दो महीनों के अंदर दो परमाणु विस्फोट कर उन्होंने भारत को आणविक शक्ति संपन्न राष्ट्रों की लाइन में ला खड़ा किया था। इस अवसर पर मंडल भाजपा अध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रधानाचार्य दिनेश ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर, वीना कपिल, अनिल शामा, पवन शर्मा, पीसी चौहान, अनुपम लखनपाल, पंचायत प्रधान विजय भरद्वाज, मीना राणा, सरला देवी, कैप्टन अशोक, कैप्टन सुरेश, विमला चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।