बड़सर(हमीरपुर)। बड़सर विधानसभा क्षेत्र में पोस्टर फाड़ने और पोस्टर के ऊपर पोस्टर चिपकाने का मामला चुनाव आयोग के पास पहुंच गया है। भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी के ऊपर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। इस बारे में भाजपा ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को लिखित में शिकायत सौंपी है। चुनाव रिटर्निंग अफसर ने कांग्रेस प्रत्याशी को सख्त चेतावनी देकर इस तरह के पोस्टर हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को इस तरह की गलती दोहराने पर कार्रवाई करने की बात की है।
भाजपा ने चुनाव आयोग के रिटर्निंग अधिकारी के पास कांग्रेस प्रत्याशी तथा उनके समर्थक कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है कि हरसौर तथा मसलाना गांव में भाजपा समर्थक तथा कार्यकर्ताओं ने अपने मकानों पर भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के पोस्टर लगाए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं न उन पोस्टरों के ऊपर कांग्रेस प्रत्याशी के पोस्टर चिपका दिए। कई स्थानों में पोस्टरों को फाड़ दिया गया। भाजपा ने चुनाव आयोग से कांग्रेस प्रत्याशी व उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। चुनाव रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बड़सर धनवीर ठाकुर का कहना है कि बड़सर कांग्रेस प्रत्याशी को लिखित में चेतावनी दी है तथा पोस्टर के ऊपर लगाए गए पोस्टर को हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी शांतिपूर्वक चुनाव करवाने में सहयोग करें। प्रत्याशी पोस्टर के ऊपर पोस्टर नहीं लगाएं अन्यथा कार्रवाई होगी।