हमीरपुर। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि सैनिकों की सुविधा के लिए रक्षा मंत्रालय ने हमीरपुर के पटलांदर में सीएसडी कैंटीन की मंजूरी दे दी है। इसके लिए उन्होंने सैनिकों को बधाई देते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है और यहां के जवान देश की सुरक्षा के लिए पहली पंक्ति में खड़े रहते हैं।
केंद्र की मोदी सरकार ने सैनिकों के सभी हितों का पूरा ध्यान रखने के लिए प्रतिबद्धता दिखाई है और इसी क्रम में बीती 8 मार्च को रक्षा मंत्रालय ने हमीरपुर के पटलांदर में आर्मी सीएसडी कैंटीन की मंजूरी दी है। इस संदर्भ में उन्होंने कई बार रक्षा मंत्री और सैन्य अधिकारियों से मुलाकात कर इस विषय से अवगत करवाया था। जिस पर संज्ञान में लेते हुए रक्षा मंत्रालय ने 8 मार्च को इसकी स्वीकृति देते हुए संबंधित निर्देश जारी कर दिए हैं। पटलांदर में सीएसडी कैंटीन खुलने से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों को इसका लाभ मिलेगा।